Skip to main content

Posts

लेखन बनाम अनुभव

फे सबुक के एक पोस्ट पर आज मेरा ध्यान अटक गया।  इस पोस्ट में ये लिखा गया था कि कविताएँ आमतौर पर किसी पंक्ति से प्रेरित भी हो सकती है। इसके लिए ज़रूरी नहीं कि जो लिखा जा रहा है उसका अनुभव किया ही जाए। मतलब सुखी इंसान दर्द भरी कविताएँ कर सकता है और दर्द में डूबा इंसान ख़ुशी की ग़ज़लें कह सकता है... क्या सचमुच ऐसा है? अगर वाकई कोई कविता बिना अनुभव के सिर्फ किसी पंक्ति से प्रेरित होकर लिखी जाए तो क्या वो आत्मा रहित नहीं होगी? क्या उसमें कृत्रिमता नहीं होगी ? एक कार्यक्रम के सिलसिले में एक बार मेरी मुलाक़ात एक वरिष्ठ लेखक से हुई। वे अपना अनुभव साझा कर रहे थे। उन्होंने बताया "लोग कहते हैं कि कल्पना के ज़रिये कुछ भी लिखा जा सकता है, लेकिन मैं कहता हूँ कि हर लेखन के लिए अनुभव ज़रूरी है।" उन्होंने किसी अखबार में छपी एक कहानी का हवाला देते हुए बताया कि "कहानी में बच्चा बहुत गरीब होता है और जाड़े से बचने के लिए एक मुर्दे से लिपट के सो जाता है। सुनने में या पढ़ने में कहानी बड़ी मार्मिक है लेकिन जिसने इसका अनुभव किया है वो बता सकता है कि मुर्दा गर्म नहीं बिलकुल ठंढा ...

पुल और ज़िन्दगी

मे ट्रो स्टेशन से बाहर निकलते हुए पैदल पार पुल से गुज़रते हुए अनेक ज़िंदगियाँ दिख जाती हैं- पुल के शुरुआत में ही मायूसी ओढ़े एक औरत बैठती है आँचल में उसके पड़े होते हैं कुछ सिक्के उसके पास ही कंचे खेल रहा होता है उसका तोतला बच्चा जब भी कोई पास से गुज़रता है, बच्चे के चेहरे पर दर्द उभरता है कंचा छोड़, हाथ पसारे भागता है उसके पीछे दूसरे हिस्से में बैठता है - गंदे कपड़ों में,गन्दी सी चादर बिछाए बैसाखी वाला वो युवक, जो करता है संवेदनाओं का सौदा हर गुजरने वाले को अपनी बैसाखी दिखाता है करुणा के बदले में माँगता है चन्द सिक्के या गुलाबी नोट! पुल के बीच में अपने दुधमुंहे बच्चे के साथ बैठती है और एक औरत गहरी नींद में सोया बच्चा सिक्का बन जाता है ! पुल और सीढ़ियों के बीच खिलौने और फलों की छोटी छोटी रेहड़ियां भी हैं। कितने सपने हर रोज़ यहां जन्म लेते हैं, कितनी मंज़िलों के रास्ते इसी पुल से गुज़रते हैं, जानें कितनी दोस्ती हर रोज़ यहां बनती और बिगड़ती है कितने प्रेम खामोशी से आगे बढ़ते हैं इसी पुल पर। एक बूढ़ा भी इसी पुल पर रहता था, दिन-प्रतिदिन क्षीण हो रही थी उसकी सांसें ...

एक उदास शाम

ए क दिन- फूल बेरंग होंगे और बारिश सूखी चिड़ियाँ नहीं सुनाएंगी गीत कोई गिलहरी मुझसे नहीं बतियाएगी पौधे मुझे देखकर झूमेंगे नहीं । वितृष्णा से गुज़रते हुए तब, मैं गढ़ लूँगी अपनी दुनिया- तुम्हारी तरह । करुँगी सबसे बातें कि जैसे कर रही हूँ मैं बातें, खुद से। वहाँ हर चीज़ होगी मेरे मुताबिक़ जो ज़िंदा नहीं वो जीवित होंगे जो पसंद नहीं वो मृत होंगे । रहने लगूँगी मैं कल्पनाओं के घर में बिल्कुल तुम्हारी तरह, और फिर एक दिन- मिटा डालूंगी सत्य और भ्रम के बीच की रेखा, खत्म कर दूँगी सूक्ष्म से विराट का अंतर, तय कर लूँगी अंत से अनंत की दूरी, और विलीन हो जाऊंगी, मैं भी, अनंत में- कि अब समझ पा रही, तुम्हारी सोच को, तुम्हारी तरह- तुम्हारे जाने के बाद । © 2008-09 सर्वाधिकार सुरक्षित!

मौत का चक्रव्यूह

अब तक गूँज रही है कानों में वो अधफँसी आवाज़ जो मनाया करती थी उत्सव अपने वजूद का । अधफँसी आवाज़ गुनगुनाती थी ज़िन्दगी के गीत, वो जीना चाहती थी, हाँ, वो जीना चाहती थी, तोड़कर, मौत के सारे चक्रव्यूह। लड़ती रही थी ताजिंदगी ज़िन्दगी की व्यूह रचनाओं से जानती थी जुगत उनसे निकल पाने की । उस रात अँधेरा घना था औघड़ ने ऐसा व्यूह रचा अंतिम चक्र में फँस कर रह गई अभिमन्यु की तरह वो आवाज़ खामोश हो गई सदा के लिए !! © 2008-09 सर्वाधिकार सुरक्षित!

स्त्री

बदलते घर के साथ अक्सर छूट जाती है थोड़ी सी वो भी हर बार समा जाती है एक नए खोल में पहन लेती है एक अलग चेहरा समय की मांग के अनुसार भरती है स्वांग फिर किसी रोज़- असहनीय पीड़ा और बेचैनी से गुज़रते हुए स्त्री उतारती है अपनी केंचुली निकलती है बिलकुल नई होकर विरोध, मायूसी और शिथिलता उसके कदम रोकते हैं लेकिन वो रूकती नहीं अदम्य जिजीविषा के साथ निकल पड़ती है स्व की तलाश में वो समझ जाती है ओढ़े गये जीवन से कहीं बेहतर होता है जीना, उन्मुक्तता के साथ, एक पूर्णता के साथ © 2008-09 सर्वाधिकार सुरक्षित!

अंतर

शीशे के उस पार ज़िन्दगी का उजास उजली धूप गुनगुनाती हवा फूल-तितलियाँ आपस में बातें करते आज़ाद पंछी शीशे के इस पार अंतहीन दर्द चुभते हुए दिन अमावस सी ज़िन्दगी पृथ्वी जितना उसका भार शीशे के इस पार और उस पार का अंतर बड़ा है इस पार से हम देख सकते हैं उस पार की हरियाली ज़िन्दगी की सुंदरता पर वहाँ से नहीं देख पाते इस तरफ की जीजिविषा खुद को ज़िंदा रखने का संघर्ष सच मानो तो असल ज़िन्दगी वही जी पाते हैं जो रहते हैं शीशे के इस तरफ कि वो वाकिफ होते हैं ज़िन्दगी के चेहरों से कि वो क्रूर क्षणों में भी सपने देखना नहीं छोड़ते कि वो जानते हैं शीशे के उस तरफ सिर्फ एक छलावा है जीवन का सच तो छिपा है यहीं कही । © 2008-09 सर्वाधिकार सुरक्षित!

हंसा सर

आज शिक्षक दिवस पर विद्यालय और शिक्षकों के बारे में दोस्तों से बातें करते हुए कब बचपन में पहुँच गयी पता ही नही चला। हम सभी बारी बारी से अपने शिक्षकों को याद कर रहे थे स्मृति में गोते लगाते हुए कब 'हंसा' सर पर ध्यान केंद्रित हो गया ध्यान ही नहीं रहा। 'हंसा सर' पुकार का नाम था, वैसे तो उनका नाम 'हंसराज महाराज' था, पर हम सब उन्हें हंसा सर ही बोलते थे। हमलोगों को वे 'कत्थक' सिखाते थे। हमेशा उन्हें झक सफ़ेद कुरता और चौड़े पाँयचे वाला पैजामा पहने ही देखा। मुंह में पान की छोटी सी गिलौरी दवबाए, बोली में अवधी की मीठास घुली रहती। केजी में रहे होंगे या उससे थोड़े बड़े जब 'कत्थक' सीखना शुरू किये थे। घुंघरू गूँथने से लेकर बाँधने तक का सलीका उन्होंने सिखाया। मैं और मेरी बड़ी बहन दोनों साथ जाते।  वैसे भी जहां दीदी जाती मुझे भी वहीँ जाना था । हंसा सर लखनऊ से लेकर बनारस घराने तक की खासियत बताया करते थे। दीदी तो सब सीख लेती, मैं पिछड़ जाती, और फिर हंसा सर पीठ पर धम धम धौल जमा देते...बहुत गुस्सा आता था, लगता था मुझे तो नापसंद करते हैं। एक बार वे हमारे घर आए। मम्मी उन...